संभल मास्टर प्लान 2031 लागू करने के लिये शाही जामा मस्जिद के आसपास हुए निर्माण की जांच शुरू

Ads

संभल मास्टर प्लान 2031 लागू करने के लिये शाही जामा मस्जिद के आसपास हुए निर्माण की जांच शुरू

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 07:27 PM IST

संभल (उप्र), 19 अगस्त (भाषा) संभल जिले में प्रशासन ने संभल मास्टर प्लान 2031 को लागू करने के तहत शाही जामा मस्जिद के आसपास हुए निर्माण कार्य की जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जिस निर्माण का स्वीकृत नक्शा नहीं हैं उन्हें नोटिस जारी किया जा सकता है।

उपजिलाधिकारी विकास चंद्र ने बुधवार को बताया कि जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर जांच की जा रही है और जिन निर्माण कार्यों के स्वीकृत नक्शे मौजूद हैं, उनकी भी जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण मंजूर किये गये नक्शे के अनुसार है या नहीं।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि जिनके पास स्वीकृत नक्शा नहीं हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा और नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंद्र और कनिष्ठ अभियंता सचिन कुमार ने चौधरी सराय से टंडन क्रॉसिंग तक के इलाके की जांच की तथा विभिन्न भवनों के मालिकों से उनकी सम्पत्ति के स्वीकृत नक्शे मांगे।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि जांच के दायरे में जामा मस्जिद का इलाका भी शामिल है, इस मस्जिद को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच मुकदमा चल रहा है।

चंद्र ने कहा कि मस्जिद के पीछे की करीब 20-22 दुकानें और कुछ घर निरीक्षण के दायरे में आए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन मास्टर प्लान 2031 के नियमों के खिलाफ हुए निर्माण की भी जांच करेगा।

भाषा सं. सलीम राजकुमार

राजकुमार