सहारनपुर में पर्यटकों की कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक की मौत

Ads

सहारनपुर में पर्यटकों की कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, एक की मौत

  •  
  • Publish Date - August 5, 2024 / 08:51 PM IST,
    Updated On - August 5, 2024 / 08:51 PM IST

सहारनपुर (उप्र) पांच अगस्त (भाषा) सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना इलाके में हरियाणा से मसूरी घूमने जा रहे पर्यटकों की कार सोमवार को एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी, जिससे एक युवक की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हरियाणा के निवासी सीताराम, दक्ष कुमार, अर्जुन सिंह और राजेश आज मसूरी घूमने के लिये जा रहे थे तथा इनकी गाड़ी जब थाना फतेहपुर क्षेत्र के बडकला पुलिस चौकी के पास पहुंची तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गयी।

जैन ने बताया कि हादसे में कार सवार चारों युवक घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही बडकला पुलिस चौकी प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये।

जैन ने बताया कि घायलों में राजेश (30) की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने राजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भाषा सं आनन्द नोमान

नोमान