बिहार में पुलिस दल पर भीड़ का हमला, एक व्यक्ति की मौत, चार पुलिसकर्मी घायल

Ads

बिहार में पुलिस दल पर भीड़ का हमला, एक व्यक्ति की मौत, चार पुलिसकर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 01:15 PM IST

मुजफ्फरपुर,18 मार्च (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंचे एक पुलिस दल पर उग्र भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना मंगलवार देर शाम गायघाट इलाके में हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान स्थानीय निवासी वीर राय के रूप में हुई है। उसने बताया कि वीर राय को गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

इस घटना में घायल हुए लोगों में गायघाट थाना प्रभारी (एसएचओ) राजा सिंह, अतिरिक्त थाना प्रभारी मनीष कुमार और दो होमगार्ड जवान शामिल हैं।

जिला पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘‘एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस दल दो मामलों में वांछित आरोपी भिखारी राय को गिरफ्तार करने मंगलवार शाम गायघाट इलाके में गया था। इसी दौरान अचानक भीड़ जमा हो गई और उसने पुलिसकर्मियों एवं वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर गोलीबारी भी की।’’

बयान में कहा गया, ‘‘भीड़ की ओर से पथराव और गोलीबारी इतनी तीव्र थी कि पुलिस को आत्मरक्षा में हवा में गोलियां चलाने पर मजबूर होना पड़ा। पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे। इस घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।’’

बयान में बताया गया कि सभी घायलों का नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस के अनुसार, ग्रामीण वीर राय की गोली लगने से मौत हो गई।

उसने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी