कौशांबी (उप्र), आठ मई (भाषा) कौशांबी जिले में पश्चिम शरीरा थानाक्षेत्र के पभोसा घाट पर शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में नहाते समय डूबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि इस हादसे में पांच अन्य युवकों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जनेश्वर प्रसाद पांडे ने बताया कि छह युवक पभोसा घाट पर नहाने गए थे तथा स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने पर वे डूबने लगे।
उन्होंने बताया कि शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीणों और मल्लाहों ने पांच युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि रंजीत कुमार (18) नदी में डूब गया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रंजीत को बेहोश स्थिति में नदी से निकाला गया।
उन्होंने कहा कि परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा सं आनन्द
राजकुमार
राजकुमार