संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है विपक्ष : पंकज चौधरी

संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है विपक्ष : पंकज चौधरी

संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है विपक्ष : पंकज चौधरी
Modified Date: July 13, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: July 13, 2026 10:31 pm IST

बहराइच/श्रावस्ती, 13 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।

बहराइच और श्रावस्ती जिलों के दौरे पर पहुंचे चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘कभी निर्वाचन आयोग, कभी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तो कभी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना विपक्ष का रिवाज बन गया है। विपक्षी दल देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा, ‘‘रामलला हम सभी के हृदय में बसते हैं और राम मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है। वहां हुई घटना को लेकर हमें बहुत पीड़ा है, लेकिन सरकार ने जिस प्रकार कार्रवाई की, एसआईटी गठित की और कई लोगों को जेल भेजा, उससे स्पष्ट है कि दोषी चाहे छोटा हो या बड़ा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए ट्रस्ट योजना तैयार कर उच्चतम न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।

चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और उसके सहयोगी दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने दावा किया कि चुनाव से पहले ‘इंडिया’ गठबंधन बिखर जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता के लालच में उसके सहयोगी दल लगातार अपना रुख बदल रहे हैं।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की। बहराइच शहर के कपूरथला सभागार में उन्होंने प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद कपूरथला पार्क में पौधारोपण किया और मटेरा-नानपारा होते हुए बलहा विधानसभा क्षेत्र में थारू जनजाति के लोगों से मुलाकात के लिए कतर्नियाघाट रवाना हुए।

इससे पहले, श्रावस्ती में पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’’ देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता को भ्रमित कर सपा ने जो थोड़ी सफलता हासिल की थी, उसे अब प्रदेश की जनता समझ चुकी है।

चौधरी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सपा और कांग्रेस के भ्रम में नहीं आएगी तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी।

नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि उनका लोकसभा क्षेत्र महराजगंज भी नेपाल सीमा से लगा हुआ है और वहां के कुछ इलाके इस समस्या से प्रभावित होते हैं।

चौधरी ने कहा, ‘‘नेपाल कोई पानी नहीं छोड़ता, लेकिन वहां खुले नालों में बाढ़ आने से भारत के सीमावर्ती क्षेत्र प्रभावित होते हैं। सरकार इस समस्या के समाधान के लिए योजना बना रही है, लेकिन नेपाल सरकार से बातचीत के बिना इसका स्थायी समाधान संभव नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल के साथ बातचीत कर प्रभावी नियंत्रण की योजना बनाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा संगठन में मतभेद की खबरों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक परिवार है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस दल में कार्यकर्ता देवतुल्य माना जाता है। यहां पद पूर्व हो सकता है, लेकिन कार्यकर्ता कभी पूर्व नहीं होता।’’

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में