विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और शिविर शुरू : सम्राट

Ads

विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और शिविर शुरू : सम्राट

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 12:15 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 12:15 PM IST

पटना, 25 अगस्त (भाषा) बिहार में परीक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों के मंगलवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए नई व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए मंगलवार से ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ की शुरुआत की जा रही है।

सरकार के अनुसार, यह शिविर प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को राज्य के शिक्षण संस्थानों में आयोजित किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थी अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे संबंधित अधिकारियों तथा सरकार के समक्ष रख सकेंगे। शिकायतों के निस्तारण के लिए समयबद्ध व्यवस्था भी लागू की गई है।

इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और हेल्पलाइन 1100 भी शुरू की गई है। इन माध्यमों से छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे तथा उनकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है।

इससे पहले बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर छात्रों और अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की थी।

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षाओं के रद्द होने तथा परिणाम जारी करने में विलंब जैसे मुद्दे उठाते हुए कहा था कि इन परिस्थितियों से छात्रों और अभ्यर्थियों में व्यापक असंतोष और चिंता का माहौल है। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की थी।

भाषा कैलाश

मनीषा

मनीषा