चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला : भाजपा अध्यक्ष

चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला : भाजपा अध्यक्ष

चाय बेचने वाले के बेटे का मजाक उड़ाने वालों को जनता ने हाशिए पर धकेला : भाजपा अध्यक्ष
Modified Date: July 5, 2026 / 12:25 am IST
Published Date: July 5, 2026 12:25 am IST

लखनऊ, चार जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद लखनऊ की एक चाय की दुकान पर पहुंचकर कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री चुना, जबकि उनका मजाक उड़ाने वालों को जनता ने राजनीति के हाशिए पर पहुंचा दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ नवीन ने चाय की दुकान पर लोगों से बातचीत भी की।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जनता के बीच चर्चा शुरू हो चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए नवीन ने कहा कि वर्ष 2014 में लोगों ने चाय बेचने वाले एक व्यक्ति के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था, उन्हें जनता ने राजनीति के हाशिए पर पहुंचा दिया और इसलिए अब कोई ‘चाय वाले’ का मजाक नहीं उड़ाता।

नवीन ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, “2027 के लिए बिगुल बज चुका है। चाय हर घर का हिस्सा है। लोगों ने चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बनाया और जो लोग उनका मजाक उड़ाते थे, वे आज राजनीतिक हाशिए पर हैं।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने मेहनती लोगों और समृद्ध खान-पान की संस्कृति के लिए जाना जाता है तथा राज्य के युवाओं ने अपनी मेहनत के बल पर अलग पहचान बनाई है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार, दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और राज्य प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार ने लगभग नौ लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है और उत्तर प्रदेश देश के विकास में एक प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में उभर रहा है।

इससे पहले, अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के पहले दिन नवीन ने प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इसके बाद उन्होंने लखनऊ में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित विद्याबिंदु सिंह के आवास पर कलाकारों, सांस्कृतिक हस्तियों और बुद्धिजीवियों से मुलाकात की। इस अवसर पर बी.एल. संतोष, पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह तथा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

बैठक के दौरान भारत की सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, कला और विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई। नवीन ने जनकल्याण, विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यों का उल्लेख किया।

वहीं, कार्यक्रम में शामिल लोगों ने समाज और सांस्कृतिक क्षेत्र में सकारात्मक सहभागिता बढ़ाने को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आए हैं। इस दौरान उनके वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें करने की संभावना है, जिनमें वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति और नवगठित प्रदेश इकाई के संगठनात्मक कार्यों पर चर्चा होगी।

भाषा

आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में