पीलीभीत (उप्र), 18 अप्रैल (भाषा) पीलीभीत बाघ अभयारण्य (पीटीआर) के बराही रेंज में गश्ती कर रहे वन विभाग के दल पर संदिग्ध शिकारियों के एक समूह ने गोलीबारी की और अंधेरे का फायदा उठाकर घने जंगल में फरार हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, वन विभाग की टीम ने मौके से एक मोटरसाइकिल और मृत जंगली सूअर बरामद किए।
पीटीआर के उप निदेशक मनीष सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह मुठभेड़ बुधवार देर रात सिमरा बीट-दो क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान हुई।
अधिकारियों के अनुसार, सिमरा जांच चौकी पर तैनात वन उप-निरीक्षक कपिल कुमार और वन रक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की थी कि तस्कर मोटरसाइकिल पर वन्यजीवों का मांस ले जाने की साजिश रच रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। वनकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद संदिग्ध शिकारी अपनी मोटरसाइकिल और मृत जंगली सूअर छोड़कर जंगल में फरार हो गए।
सिंह ने कहा, ‘‘मुठभेड़ के बाद बृहस्पतिवार को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए माधोटांडा थाने में लिखित शिकायत भी दी गई है।’’
पुलिस के मुताबिक, एक संदिग्ध की पहचान राघवपुरी निवासी हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
बरामद सामग्री को जांच के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया है।
भाषा सं जफर खारी
खारी