सहारनपुर (उप्र) 15 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की थाना नकुड पुलिस ने कथित तौर पर अपहरण कर एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी की पहचान हापुड़ जिले के निवासी शाहनवाज उर्फ शानू के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 25 जून को एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री (17) के बिना बताए घर से लापता होने का मामला दर्ज कराया। इस संबंध में अज्ञात अभियुक्त के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।
जैन ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की बरामदगी के उपरान्त उसके बयान दर्ज किए। पुलिस को उसने बताया कि उसे एक युवक बहला फुसला कर ले गया था। आरोपी ने उसको चाय व खाने मे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दुष्कर्म की धारा और पाक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की।
उन्होंने बताया कि नकुड पुलिस ने हापुड़ से सहारनपुर जिले के खेडा अफगान आये अभियुक्त शाहनवाज उर्फ शानू गिरफ्तार कर लिया, वह हापुड़ का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उसे अदालत के समक्ष पेश किया जा रहा है।
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन