सहारनपुर, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शिवालिक तलहटी स्थित शाकम्भरी देवी क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात शिवालिक पहाड़ियों से आए तेज जलप्रवाह के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिसमें दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तेज बहाव में एक दर्जन से अधिक तिपहिया और चार पहिया वाहन तथा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बह गईं। मंदिर के बाहर स्थित प्रसाद की दुकानों का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री भी पानी में बह गई।
पुलिस के अनुसार, शाकम्भरी देवी क्षेत्र की एक धर्मशाला में जागरण का आयोजन होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने वाहनों से वहां पहुंचे थे। बृहस्पतिवार रात पहाड़ियों पर हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद शाकम्भरी खोल में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिसने देखते ही देखते बाढ़ का रूप ले लिया।
इस हादसे में हरिद्वार निवासी सावित्री देवी (65) और एक अन्य अज्ञात महिला की डूबने से मौत हो गई। दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए गए हैं।
सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।
जिलाधिकारी चौहान ने बताया कि देर रात अचानक तेज जलप्रवाह की घटना में दो महिलाओं के बह जाने की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों शव बरामद कर लिए।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा पहले से ही सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सतर्क किया जा रहा था।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत