सहारनपुर, 29 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित शाकम्भरी देवी मंदिर में दर्शन शुक्रवार से तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह निर्णय मंदिर क्षेत्र के आसपास अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति और उसमें दो महिलाओं की मौत के बाद लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार रात मंदिर के पास बहने वाली नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया। मिर्जापुर थाना क्षेत्र में शिवालिक पहाड़ियों की तलहटी में तेज जलप्रवाह के कारण जेसीबी मशीनों, जनरेटर और क्रेन सहित एक दर्जन से अधिक वाहन बह गए।
मंदिर प्रबंधक राणा आदित्य प्रताप सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी और बाढ़ से हुए नुकसान को देखते हुए मंदिर 29 मई से 31 मई तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से खराब मौसम को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में आने से बचने की अपील भी की।
सिंह ने कहा, “यदि मौसम में सुधार होता है तो एक जून से मंदिर में दर्शन फिर शुरू कर दिए जाएंगे।”
क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने तथा राहत कार्यों की निगरानी के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभावित इलाके का दौरा किया।
मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, जिलाधिकारी अरविंद चौहान, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक, सांसद इमरान मसूद और विधान परिषद सदस्य शहनवाज खान पहुंचे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
शाकम्भरी देवी मंदिर में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
भाषा
सं, जफर रवि कांत