(Stock Market Today/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: Stock Market Today in India: आज बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रहने की उम्मीद है। सुबह गिफ्ट निफ्टी करीब 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,258.50 के स्तर पर ट्रेड करता दिखाई दिया। जिससे बाजाह में अच्छे माहौल का संकेत मिल रहा है। लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़ सैन्य तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल ईस्ट में युद्धविराम को लेकर चल रही बातचीत से निवेशकों को कुछ राहत मिली है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में हालिया नरमी ने भी बाजार के माहौल को बेहतर बनाने में मदद की है। हालांकि महंगाई, कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव और मॉनसून की स्थिति जैसे कई कारक निवेशकों को सतर्क बनाए हुए हैं। इसी वजह से बाजार में बड़ी तेजी आने की संभावना फिलहाल सीमित मानी जा रही है।
आज कई कंपनियों से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर सकते हैं। वेल्सपन कॉर्प की सहयोगी कंपनी ने सऊदी अरब की एक कंपनी में अपनी 4.5 प्रतिशत हिस्सेदारी बेच दी है। क्वालिटी पावर इलेक्ट्रिकल इक्विपमेंट्स ने एक इंसुलेटर निर्माता कंपनी का अधिग्रहण करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वहीं हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस ने उत्तर प्रदेश में ‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत अगले कुछ वर्षों में 20 लाख से अधिक घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड पहुंचाने की योजना शुरू की है।
एचडीएफसी बैंक को बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने बैंक और उसके शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ दायर एक अंतरिम याचिका को खारिज कर दिया है। दूसरी ओर भारती एयरटेल के लिए भी बड़ी राहत की खबर आई है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने कंपनी पर लगाए गए 8,414 करोड़ रुपये के डिमांड नोटिस को रद्द कर दिया है। इन दोनों खबरों का संबंधित शेयरों पर सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
डिक्सन टेक्नोलॉजीज ने एक नई जॉइंट वेंचर योजना के लिए समझौता किया है जिससे कंपनी की भविष्य की विकास योजनाओं को मजबूती मिल सकती है। अफकॉन्स इंफ्रा को वधवन पोर्ट परियोजना के लिए 5,301 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। इसके अलावा पीएनबी हाउसिंग 500 करोड़ रुपये के नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर जारी करेगी। एनएलसी इंडिया, ड्रेजिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और अन्य कंपनियों से जुड़ी खबरें भी आज निवेशकों के लिए अहम रह सकती हैं।
नोट:-शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन होता है। शेयरों, म्यूचुअल फंड्स और अन्य वित्तीय साधनों की कीमतें बाजार की स्थितियों, आर्थिक परिस्थितियों और अन्य कारकों के आधार पर घट-बढ़ सकती हैं। इसमें पूंजी हानि की संभावना भी शामिल है। इस जानकारी का उद्देश्य केवल सामान्य जागरूकता बढ़ाना है और इसे निवेश या वित्तीय सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए।