सुलतानपुर में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से गांजा बरामद कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

सुलतानपुर में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से गांजा बरामद कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

सुलतानपुर में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से गांजा बरामद कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
Modified Date: April 12, 2026 / 12:21 am IST
Published Date: April 12, 2026 12:21 am IST

सुलतानपुर (उप्र), 11 अप्रैल (भाषा) सुलतानपुर जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो कार से गांजा बरामद कर लखनऊ के निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह बरामदगी लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लम्भुआ पुलिस थाना क्षेत्र में वंदना ढाबा के पास हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद की गई, जिसमें स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही इनोवा से टकरा गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लखनऊ के राजाजीपुरम के निवासी हर्ष यादव उर्फ ईशू (22), और लखनऊ की ही न्यू पारा कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक अग्निहोत्री (20) के रूप में हुई है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि टक्कर के कारण दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लम्भुआ में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सिंह ने बताया, “क्षतिग्रस्त एसयूवी का निरीक्षण करते समय पुलिस टीम को वाहन के अंदर से गांजे की तेज गंध आ रही थी। गहन तलाशी के बाद पीले और हरे रंग के बंडलों में पैक किया गया 6.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।”

भाषा सं आनन्द

जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में