पश्चिम बंगाल में इस बार भयमुक्त माहौल में मतदान हो रहा है : प्रधानमंत्री मोदी

Ads

पश्चिम बंगाल में इस बार भयमुक्त माहौल में मतदान हो रहा है : प्रधानमंत्री मोदी

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 01:29 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 01:29 PM IST

(तस्वीर सहित)

हरदोई (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार ‘‘भयमुक्त वातावरण’’ में मतदान हो रहा है, जो पिछले छह-सात दशकों में देखने को नहीं मिला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि चार मई को आने वाले विधानसभा चुनाव के परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे।

पश्चिम बंगाल में 142 विधानसभा सीट के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है और मिल रही जानकारी के अनुसार भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं उनसे पता चलता है की बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही लोग वोट डालने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रहे हैं और लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया में छाई हुई हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘पिछले छह-सात दशकों में जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसै निर्भीक वातावरण में इस बार बंगाल में मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं। यह देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है।’’

उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान समाप्त होने तक इसी उत्साह के साथ भागीदारी बनाए रखें।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में हालिया चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रचंड जीत हासिल की थी। इसके अलावा, उन्होंने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की सफलता का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘चार मई को आने वाले परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इसका नाम ‘मां गंगा’ के नाम पर रखना विकास और सांस्कृतिक विरासत के समन्वय को दर्शाता है। उन्होंने राज्य के लोगों को इस परियोजना के लिए बधाई दी।

भाषा जफर सलीम मनीषा अमित

अमित