गोंडा में बच्चे के बाद प्रसूता की भी मौत, क्लिनिक सील

Ads

गोंडा में बच्चे के बाद प्रसूता की भी मौत, क्लिनिक सील

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 11:44 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 11:44 PM IST

गोंडा (उप्र), 14 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में प्रसव के पांच दिन बाद शनिवार को महिला की निजी क्लिनिक में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद उसे सील कर जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले महिला के नवजात शिशु की भी मौत हो चुकी थी। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

कटरा बाजार क्षेत्र के भगहरिया पूरेमितई निवासी घनश्याम के अनुसार, उनकी पत्नी सोनी (21) ने बीते मंगलवार को कस्बे के आरडी मेमोरियल क्लीनिक में एक बच्चे को जन्म दिया था।

घनश्याम ने बताया कि जन्म के कुछ घंटे बाद ही नवजात की मौत हो गई। आरोप है कि महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद क्लीनिक संचालक ने उसे समय से उच्च केंद्र में नहीं भेजा ।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत के बाद बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की टीम ने क्लीनिक पहुंचकर जांच की और महिला को एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल भिजवाया।

घनश्याम का आरोप है कि वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने भर्ती करने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्होंने पत्नी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को आरडी मेमोरियल क्लीनिक पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती न किए जाने के आरोपों की भी जांच करके दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन