संविधान के मूल्यों की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत : अजय राय
संविधान के मूल्यों की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत : अजय राय
लखनऊ, दो फरवरी (भाषा) कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को कहा कि संविधान के मूल्यों की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
राय यहां कांग्रेस के राज्य मुख्यालय में ‘संविधान संवाद एवं राज्य स्तरीय मनरेगा सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्यक्रम के बाद “एक्स” पर एक पोस्ट में कहा, “कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित संविधान संवाद एवं राज्यस्तरीय मनरेगा सम्मेलन में सहभागिता की।”
राय ने कहा, “मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कानून को मजबूत करना और संविधान के मूल मूल्यों की रक्षा करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।”
उन्होंने भरोसा दिया, “कांग्रेस हर वर्ग के अधिकार और रोजगार की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती रहेगी।”
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि संविधान की रक्षा और मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों के लिए सभी एकजुट हैं।
पांडे ने लोकतंत्र, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि नारे नहीं, नीयत साफ होनी चाहिए।
उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार की जमकर आलोचना की।
पांडे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज (सोमवार को) लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में ‘संविधान संवाद एवं राज्य स्तरीय मनरेगा सम्मेलन’ में संविधान और जनअधिकारों की मजबूती से रक्षा का संकल्प दोहराया गया।”
उन्होंने कहा, “कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की व्यापक सहभागिता यह बताती है कि लोकतंत्र और गरीबों के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।”
पांडे ने कहा, “कांग्रेस मुख्यालय से उठा यह संदेश बिल्कुल स्पष्ट है संविधान, मनरेगा और गरीबों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा।”
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


