राहुल गांधी आवाज मिलान मामले की सुनवाई टली, अब एक जुलाई को होगी
राहुल गांधी आवाज मिलान मामले की सुनवाई टली, अब एक जुलाई को होगी
सुलतानपुर (उप्र), 30 जून (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में उनकी आवाज के मिलान के सिलसिले में मंगलवार को होने वाली सुनवाई ‘समय के अभाव’ के चलते नहीं हो सकी।
अदालत ने अब इस मामले में सुनवाई के लिए एक जुलाई की तारीख तय की है। वहीं, मानहानि के मूल मुकदमे में छह जुलाई को सुनवाई होगी।
गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि इसी मामले में मंगलवार को अपर जिला न्यायाधीश—पंचम की अदालत में बहस होनी थी लेकिन समय की कमी के कारण सुनवाई टाल दी गयी और अब इस पर एक जुलाई को सुनवाई होगी।
शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने एक प्रेस वार्ता में तत्कालीन भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया था, जिस पर सुलतानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्र ने दीवानी अदालत में परिवाद दाखिल किया था।
उन्होंने बताया कि अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए मुकदमा चलाने का आदेश दिया था, जिसके बाद राहुल गांधी ने इस मामले में 20 फरवरी 2024 को अपनी जमानत करवा ली थी और 26 जुलाई 2024 को वह अपना बयान भी दर्ज करवा चुके हैं।
सुनवाई के दौरान वादी पक्ष के अधिवक्ता ने राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान की जमा की गई सीडी में दर्ज आवाज और उनकी वास्तविक आवाज का विधि विज्ञान प्रयोगशाला से मिलान करवाने का अनुरोध किया था। निचली अदालत ने इस अनुरोध को खारिज कर दिया था। इसके बाद विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने अपर जिला न्यायाधीश— पंचम की अदालत में पुनरीक्षण याचिका दाखिल की थी।
भाषा सं. सलीम अमित
अमित

Facebook


