लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश
Modified Date: July 23, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: July 23, 2026 10:07 pm IST

लखनऊ, 23 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां सामान्य हैं और बृहस्पतिवार को राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को राज्य में सबसे अधिक 27 मिलीमीटर बारिश इटावा में दर्ज की गयी, वहीं हमीरपुर में 18, सुलतानपुर में 4.6, कानपुर में 3.6, आजमगढ़ में 2.6 मिमी और फुरसतगंज में 2.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गयी।

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक अगले चार दिनों तक राज्य में कुछ स्थानों पर वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की सम्भावना है, जबकि उसके बाद मानसून और जोर पकड़ेगा और राज्य के लगभग सभी स्थानों पर बारिश हो सकती है।

जलभरण क्षेत्रों में व्यापक वर्षा के कारण हिंडन नदी बागपत और नोएडा में, गंगा नदी बदायूं में, घाघरा नदी अयोध्या और बलिया में और गंडक नदी कुशीनगर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बारिश से हुई जान-माल और आर्थिक नुकसान का संज्ञान लेते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देने का निर्देश दिया है।

राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार आदित्यनाथ ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए जान-माल और आर्थिक नुकसान का आकलन करने और 24 घंटे के भीतर मुआवज़ा देने का भी आदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संपर्क करने और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है।

बयान के अनुसार आदित्यनाथ ने नागरिकों से अपील की है कि वे आकाशीय बिजली गिरने की गतिविधि के दौरान बेवजह घरों से बाहर न निकलें।

उन्होंने लोगों से भारी बारिश के दौरान नदियों और जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने का भी आग्रह किया है।

भाषा सलीम धीरज

धीरज


लेखक के बारे में