वाराणसी, 29 जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जीशान अंसारी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने खून से पत्र लिखकर गाय को ‘‘राष्ट्र माता’’ घोषित करने की मांग की।
उन्होंने यह पत्र जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा।
अंसारी ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपने से पहले वाराणसी में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर अपने खून से पत्र लिखा।
सपा नेता ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह मुस्लिम समुदाय से आते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं मुस्लिम समुदाय से आता हूं और इसलिए मैंने सबसे पहले यह पहल की है। भाजपा के नेता गाय को लेकर तरह-तरह के बयान देते रहते हैं। हम चाहते हैं कि भाजपा गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करके अपना रुख स्पष्ट करे।’’
अंसारी ने कहा कि भारत में लोगों की आस्था और भावनाओं में गाय का विशेष स्थान है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कई घरों में पहली रोटी गाय के लिए रखी जाती है। वहीं, शुभेंदु अधिकारी और हिमंत विश्व शर्मा जैसे भाजपा के नेता गाय को रोटी नहीं बल्कि रोटी से गाय खिलाने की बात करते हैं।’’
सपा नेता ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके ज्ञापन को उचित विचार के लिए प्रधानमंत्री को भेजा जाए।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र