ललिता गौतम हत्या मामले में वांछित पीएसी जवान गिरफ्तार

Ads

ललिता गौतम हत्या मामले में वांछित पीएसी जवान गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 08:15 PM IST

मेरठ (उप्र), 15 जुलाई (भाषा) मेरठ जिला पुलिस ने दलित महिला ललिता गौतम की हत्या के मामले में वांछित प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) के जवान को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का आरोप है कि अंकित ने अपने भाई और मुख्य आरोपी अंकुश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची तथा अपराध को अंजाम देने में सहयोग किया।

मुख्य आरोपी अंकुश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 16 मई 2026 को ललिता के पिता ने टीपीनगर थाने में अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी, जिसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

उन्होंने बताया कि अगले दिन 17 मई को युवती का शव रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत उपसिया गांव के जंगल से बरामद हुआ था, जिसके बाद मृतका के पिता की तहरीर पर टीपीनगर थाने में अंकुश कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी अंकुश को 18 मई को गिरफ्तार किया गया और फिर अदालत ने उसे जेल भेज दिया।

अधिकारियों के अनुसार जांच में यह भी पता चला कि मुख्य आरोपी अंकुश का भाई और पीएसी जवान अंकित घटना के समय अवकाश पर था और घटना के बाद वह घटनास्थल पर मौजूद था।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अंकित द्वारा घटना में सहयोग करने और तथ्यों को छुपाने में भूमिका भी सामने आई।

पुलिस ने बताया कि विस्तृत जांच में पता चला कि अंकित ने अपनी पत्नी को गर्भवती बताते हुए 15 मई की संभावित प्रसव तिथि का हवाला देकर 11 मई से अवकाश लिया था।

हालांकि स्वतंत्र गवाहों और ग्रामीणों ने उसकी पत्नी के गर्भवती होने के दावे का खंडन किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अंकित 11 मई को गांव आया था और उसी दिन ललिता ने एक नोट लिखकर अपने साथ अनहोनी की आशंका जताई थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि ललिता और मुख्य आरोपी अंकुश के बीच पहले हुए एक विवाद को लेकर अंकित नाराज था और इसी कारण उसने अपने भाई के साथ मिलकर ललिता की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम देने में सहयोग किया।

भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब