मेरठ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

मेरठ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

मेरठ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार
Modified Date: May 23, 2026 / 06:54 pm IST
Published Date: May 23, 2026 6:54 pm IST

मेरठ, 23 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अवैध हथियारों की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक गिरोह के सात सदस्यों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के पास से अवैध पिस्तौल, देशी तमंचे, कारतूस, नकदी और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि मवाना/मुंडाली पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी संदिग्धों को रोककर जांच की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदाकत, निखिल उर्फ साहिल, अभिषेक उर्फ गुड्डू, निशांत, पीयूष, निशांत उर्फ कैप्टन उर्फ सिवान और अनमोल त्यागी उर्फ यश त्यागी के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके पास से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, दो कारतूस, छह .315 बोर देशी तमंचे, छह कारतूस, आठ खाली कारतूस, 12,200 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

इस मामले में मुंडाली थाने में शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत


लेखक के बारे में