शाहजहांपुर में कैब चालक की हत्या का एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Ads

शाहजहांपुर में कैब चालक की हत्या का एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 17, 2025 / 11:40 AM IST,
    Updated On - October 17, 2025 / 11:40 AM IST

शाहजहांपुर (उप्र), 17 अक्टूबर (भाषा) शाहजहांपुर जिले की पुलिस ने एक कैब चालक की हत्या करने के बाद उसकी कार लेकर फरार हुए अभियुक्तों में एक, 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि टैक्सी चालक अवनीश दीक्षित की हत्या में दानिश का नाम भी जांच में आया था। उन्‍होंने बताया कि दानिश पुलिस से बचने के लिए बृहस्पतिवार रात में मोटरसाइकिल से नेपाल जा रहा था।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने सूचना पर पुवायां बाईपास ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की तो आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस पर गोली चलाते हुए भागा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली से दानिश घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने इस अपराधी पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था।

उन्‍होंने कहा कि पुलिस अभी इस हत्याकांड में आगे भी जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक का कहना है कि यह एक गिरोह है जो गाड़ियां किराए पर लेकर उनके ड्राइवर की हत्या करके फरार हो जाता था।

उल्लेखनीय है कि गुरुसेवक नामक एक अपराधी ने एक कार पुवायां से किराए पर ली थी, जिसे अवनीश दीक्षित चला रहा था। एक दिन बाद जब कार सहित चालक वापस नहीं आया तो अवनीश के बेटे ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। तीसरे दिन अवनीश दीक्षित का शव रोजा थाना क्षेत्र में बरामद हुआ था, लेकिन कार का पता नहीं चला था।

उन्होंने बताया कि गुरुसेवक को रविवार को लखनऊ में मुठभेड़ में पुलिस ने मार गिराया था। गुरसेवक पर उन्नाव में कैब ड्राइवर की हत्या का मामला दर्ज था और दानिश उस घटना में भी शामिल था। एसपी ने बताया कि घायल दानिश के खिलाफ 21 आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।

भाषा सं आनन्द

मनीषा

मनीषा