प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन
प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा का प्रदर्शन
लखनऊ, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रश्न पत्र लीक के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर प्रश्न पत्र लीक के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी सांसद डिंपल यादव के नेतृत्व में सपा सांसदों को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने के विरोध में किया। बयान के मुताबिक, सपा की लखनऊ शहर और जिला इकाइयों के पदाधिकारी, सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सरकारी अस्पताल के पास एकत्र हुए।
बयान में बताया गया कि इसके बाद वे पार्टी के झंडे और बैनर लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हजरतगंज चौराहे की ओर बढ़े।
सपा के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज चौराहे पर धरना दिया और केंद्र सरकार पर ‘‘अलोकतांत्रिक’’ तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
पार्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बलपूर्वक हटाकर हिरासत में लिया और बसों के जरिए ‘इको गार्डन’ ले गई।
सपा ने दावा किया कि हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं ने ‘इको गार्डन’ में भी प्रदर्शन जारी रखा और विद्यार्थियों के समर्थन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
भाषा सलीम जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


