अखिलेश यादव की बेटी को लेकर भ्रामक पोस्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने मामला दर्ज करने की मांग की

Ads

अखिलेश यादव की बेटी को लेकर भ्रामक पोस्ट पर सपा कार्यकर्ताओं ने मामला दर्ज करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 11:26 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 11:26 PM IST

लखनऊ, 10 जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए जाने के खिलाफ बुधवार को हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

यह शिकायत लोहिया वाहिनी और पार्टी की छात्र इकाई के सदस्यों द्वारा दी गई। शिकायत में कथित पोस्ट के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के सत्यापन के बाद प्राथमिकी दर्ज करने सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विवाद उस समय शुरू हुआ जब कुछ सोशल मीडिया खातों पर दावा किया गया कि लंदन में पढ़ाई कर रही अदिति यादव अपने एक विदेशी मित्र के साथ लापता हो गई हैं और वह अपने परिवार के करोड़ों रुपये लेकर चली गई हैं।

सपा कार्यकर्ताओं ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए खारिज किया। उनका कहना है कि राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई कर रहीं अदिति यादव पिछले कुछ दिनों से लखनऊ स्थित अपने घर पर हैं।

पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट अखिलेश यादव और उनकी बेटी की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से प्रसारित की गई हैं। कुछ सपा समर्थकों ने इस कथित अभियान को राम मंदिर में दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर पार्टी द्वारा उठाए गए सवालों से भी जोड़कर देखा है।

सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अखिलेश यादव और उनकी बेटी के बारे में भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वाले सभी सोशल मीडिया खातों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, कांग्रेस के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अदिति यादव के समर्थन में आवाज उठाई और एक बेटी को निशाना बनाकर किए जा रहे कथित पोस्ट की आलोचना की।

भाषा राजेंद्र खारी

खारी