लखनऊ, 23 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु से आए 15 पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), चेन्नई की उप निदेशक विजयालक्ष्मी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद के दौरान राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न पहल की जानकारी दी।
‘जन भवन’ द्वारा जारी बयान के मुताबिक, राज्यपाल ने पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को बताया कि प्रदेश के 19 राज्य विश्वविद्यालयों को ‘नैक’ मूल्यांकन में ए, ए-प्लस और ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्राप्त हो चुका है, साथ ही सात विश्वविद्यालयों को ‘एनआईआरएफ’ और सात को ‘क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग’ में स्थान मिला है।
पटेल ने बताया कि प्रदेश में करीब 75 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा-संपन्न बनाया जा चुका है।
राज्यपाल ने कहा कि ‘सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ के सहयोग से प्रदेश में तीन लाख से अधिक एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं।
टीबी उन्मूलन अभियान का जिक्र करते हुए पटेल ने कहा कि प्रदेश में अब तक चार लाख से अधिक टीबी रोगियों को रोगमुक्त किया जा चुका है।
राज्यपाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपने दौरों के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों, कृषक उत्पादक संगठनों और अधिकारियों के साथ संवाद का भी उल्लेख किया।
बयान के मुताबिक, कार्यक्रम के अंत में तमिलनाडु के पत्रकारों ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया और विभिन्न जनकल्याणकारी पहल की जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद दिया।
भाषा सलीम शफीक
शफीक