शाहजहांपुर में ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत, परिजनों ने की अस्पताल में तोड़फोड़
शाहजहांपुर में ट्रेन की चपेट में आने से किशोर की मौत, परिजनों ने की अस्पताल में तोड़फोड़
शाहजहांपुर (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) शाहजहांपुर जिले में वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 16 वर्षीय एक किशोर की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों और उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अंकित कुमार की पहचान हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि परिजनों ने निगोही थाना क्षेत्र में शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन भी किया, जिससे यातायात बाधित हो गया। हालांकि, पुलिस की समझाइश के बाद मार्ग को खोल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने बताया कि रविवार को अंकित कुमार इंदिरा नगर रेलवे फाटक पर वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गया था।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य राजेश कुमार ने बताया कि किशोर को आपातकालीन विभाग में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। बाद में ईसीजी जांच में भी मौत की पुष्टि हुई जिसके बाद शव को मुर्दाघर में रखवाया गया।
प्राचार्य ने कहा कि मृतक के परिजन अस्पताल आए और उन्होंने आपातकालीन विभाग में जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि परिजनों ने सरकारी अभिलेख फाड़े और चिकित्सकों के साथ मारपीट की। यहां तक की, महिला चिकित्सकों को अपनी जान बचाने के लिए शौचालय में छिपना पड़ा।
उन्होंने बताया कि उपद्रवी शौचालय का गेट तोड़ने लगे थे, तभी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतक के परिजनों और उपद्रवियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं जफर खारी
खारी

Facebook


