अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), 12 जून (भाषा) अलीगढ़ जिले के एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी (डीएम) से मिलकर गांव के प्रधान पर उत्पीड़न और उसकी जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई जिसका संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं।
हालांकि जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर शिकायतकर्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
इगलास थाना क्षेत्र के वास सुदामा गांव निवासी दिनेश कुमार को बेहोशी की हालत में मलखान सिंह जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के प्रधान ने उसके मकान वाली जमीन पर अवैध कब्जा करने की साजिश रची और उसे सरकारी भूमि बताकर कब्जा करने का प्रयास किया।
दिनेश कुमार के साथ आए उनके भाई विपिन कुमार ने आरोप लगाया कि परिवार को पिछले कई दिन से लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वे पहले तहसील अधिकारियों के पास भी गए थे, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विपिन कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि राहत मिलने के बजाय राजस्व विभाग ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और इगलास थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई।
अपर नगर मजिस्ट्रेट विनीत मिश्रा ने शुक्रवार शाम संवाददाताओं से कहा कि दिनेश कुमार की शिकायत पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच इगलास के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) करेंगे।
मिश्रा ने कहा कि जांच पूरी होने तक इस मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी