छात्रा का शव संदिग्ध अवस्था में गांव के कुएं से मिला

Ads

छात्रा का शव संदिग्ध अवस्था में गांव के कुएं से मिला

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 04:01 PM IST

झांसी (उप्र), सात अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के उल्दन इलाके में रहने वाली एक स्कूली छात्रा का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध अवस्था में गांव के कुएं से मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घर से कोचिंग के लिए निकली छात्रा पिछले बृहस्पतिवार से गायब थी। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा किशोरी के साथ कुछ अनहोनी की आशंका व्यक्त की गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक उल्दन थाना क्षेत्र के निमोनी गांव निवासी सुरेश आर्य की करीब 17 वर्षीय पुत्री हर्षिता दो अप्रैल की सुबह घर से कोचिंग के लिए निकली थी, दोपहर करीब बारह बजे परिजनों से उसकी बात भी हुई लेकिन उसके बाद छात्रा का मोबाइल बंद बताने लगा।

परिजनों द्वारा खोजबीन के साथ हर्षिता के गुम होने की सूचना थाने को भी दी गई थी चार-पांच दिन की खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका था।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव के एक निष्प्रयोज्य कुंऐ से दुर्गंध आने पर गांव वालों ने देखा कि कुएं में हर्षिता का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजनों द्वारा हर्षिता के साथ कोई हादसा होने की आशंका व्यक्त की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि संदिग्ध स्थिति में मिले छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल परिजनों की शिकायत पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन