फेडएक्स दिल्ली हवाई अड्डे पर हवाई मालवाहक केंद्र के लिए 15 करोड़ डॉलर करेगी निवेश

Ads

फेडएक्स दिल्ली हवाई अड्डे पर हवाई मालवाहक केंद्र के लिए 15 करोड़ डॉलर करेगी निवेश

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 10:52 AM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 10:52 AM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) फेडरल एक्सप्रेस कॉरपोरेशन (फेडएक्स) दिल्ली हवाई अड्डे पर 2,30,000 वर्ग फुट में फैला हवाई मालवाहन केंद्र विकसित करने के लिए 15 करोड़ डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू की मौजूदगी में मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में इस सुविधा के निर्माण की आधारशिला रखी गई।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य भारत को हवाई मालवाहक परिवहन की रीढ़ बनना चाहिए।

फेडएक्स ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एकीकृत हवाई मालवाहक केंद्र इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) स्थित ‘जीएमआर कार्गो सिटी’ में बनाया जाएगा। इससे उत्तर एवं पूर्वी भारत के बीच संपर्क मजबूत होगा और कारोबारियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

फेडएक्स के अनुसार, केंद्र के चालू होने के बाद इसकी क्षमता 600 से बढ़कर 5,000 पैकेज प्रति घंटे हो जाएगी जिसे और आगे भी बढ़ाया जा सकेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘प्रस्तावित सुविधा में फेडएक्स करीब 15 करोड़ डॉलर का दीर्घकालिक निवेश करेगी।’’

मौजूदा विनिमय दर पर 15 करोड़ डॉलर का मूल्य 1,400 करोड़ रुपये से अधिक है।

फेडएक्स एक प्रमुख एक्सप्रेस परिवहन कंपनी है और खेपों की आवाजाही के लिए वैश्विक हवाई एवं जमीनी नेटवर्क का इस्तेमाल करती है।

‘जीएमआर कार्गो सिटी’ को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने कहा कि हवाई मालवाहक परिवहन में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका