झांसी (उप्र), 29 मार्च (भाषा) झांसी की शहर कोतवाली पुलिस ने हिरासत से फरार हुए चोर को रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह ने बताया कि शनिवार मध्य रात्रि शहर कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही वाहन चेकिंग के दौरान एक सूचना पर नगरिया कुआं के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान उसने पुलिस दल पर गोली चला दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मोटरसाइकिल सवार युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान दतिया (मध्यप्रदेश) निवासी नदीम खान (19) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि एक चोरी के मामले में पकड़ा गया खान 16 मार्च को मेडिकल जांच के समय जिला अस्पताल से पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
सिंह ने बताया कि खान के खिलाफ पहले से ही कम से कम छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी