रामपुर (उप्र), दो फरवरी (भाषा) केंद्रीय बजट की आलोचना करने को लेकर विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कहा कि कुछ लोग अब ‘बेतुकी दलीलों का प्रचार करने वाले बनकर रह गए’ हैं और दावा किया कि हंगामा करने वाले ये तत्व राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक होते जा रहे हैं।
नकवी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 ‘आत्मनिर्भर भारत की गूंज और विकसित भारत की गर्जना का गजट है’ और विकसित भारत की अभूतपूर्व क्षमता को साकार करने के संकल्प का एक मजबूत दस्तावेज है।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘वैश्विक कठिनाइयों और मंदी के बीच भी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन की ताकत ने बाहरी उथल-पुथल और आंतरिक बाधाओं को पार करते हुए विश्वसनीयता और स्थिरता के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूत और सफल यात्रा को लगातार बनाए रखा है।’
कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य विपक्षी दलों द्वारा बजट की आलोचना पर, नकवी ने कहा कि कुछ लोग अपने ‘बौद्धिक दिवालियापन के कारण बेतुकी दलीलों का प्रचार करने वाले बनकर रह गए हैं’।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसलिए, हंगामा करने वाले ये तत्व राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक होते जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, ‘भाजपा ने दशकों से चली आ रही राजनीतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता पर विजय प्राप्त कर ली है और सुशासन, स्थिरता और समावेशी सशक्तीकरण के वैश्विक ब्रांड के रूप में उभरी है।’
नकवी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित कुछ राजनीतिक दल ‘पराजित लोगों की प्रयोगशाला’ बनते जा रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन की ताकत को विपक्ष के अहंकार और अराजकता से नहीं तोड़ा जा सकता।
भाषा नोमान संतोष
संतोष