जनता की उपेक्षा करने वालों का सूपड़ा साफ होना तय: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

Ads

जनता की उपेक्षा करने वालों का सूपड़ा साफ होना तय: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 11:16 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 11:16 PM IST

गोरखपुर (उप्र), पांच मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम पर मंगलवार को कहा कि जो भी दल जनता की उपेक्षा करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है।

पश्चिम बंगाल में सोमवार को परिणाम घोषित होने के साथ ही, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस को भाजपा के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा पश्चिम बंगाल में पहली बार सत्ता में आने वाली है। योगी आदित्यनाथ ने भी वहां गहन प्रचार किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘जो भी जनता की उपेक्षा करेगा, विकास के पैसे पर डकैती डालेगा, गुंडों को प्रश्रय देगा और सनातन का अपमान करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है। पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा करके दिखा भी दिया है।’’

मुख्यमंत्री जंगल बेनी माधव में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन तथा गोरखपुर के विकास से जुड़ी 612.32 करोड़ रुपये की 71 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल अब ‘सोनार बांग्ला’ बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

गोरखपुर में वर्ष 2017 के बाद से जारी विकास व जनकल्याण कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम आते हैं।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गोरखपुर का बंद खाद कारखाना कांग्रेस, सपा सरकारों के ‘‘भ्रष्टाचार का स्मारक’’ बना हुआ था। उन्होंने कहा कि आज यह खाद कारखाना शानदार तरीके से चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने गोरखपुर की छवि को बदला। उन्होंने कहा, ‘‘पहले गोरखपुर की पहचान मच्छर व माफिया से थी। अब माफिया और मच्छर, दोनों गायब हैं। अब गोरखपुर की पहचान सुरक्षा, स्वच्छता, समृद्धि और मजबूत सड़कों से है। अब यहां का नौजवान पहचान का मोहताज नहीं, बल्कि सीना तानकर बताता है कि वह गोरखपुर का है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण मंडपम अल्प व मध्यम आयवर्ग के लोगों के सार्वजनिक कार्यक्रमों को भव्य व यादगार बनाने का माध्यम बनेगा। शहर में कुल 9 कल्याण मंडपम या तो बन गए हैं या निर्माणाधीन हैं।

भाषा सं जफर आशीष

आशीष