भारत, बांग्लादेश के श्रमिकों ने सिंगापुर की कंपनियों पर वेतन का भुगतान न करने का आरोप लगाया

Ads

भारत, बांग्लादेश के श्रमिकों ने सिंगापुर की कंपनियों पर वेतन का भुगतान न करने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 09:02 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 09:02 AM IST

(गुरदीप सिंह)

सिंगापुर, 24 जून (भाषा) सिंगापुर में पंजीकृत विदेशी स्वामित्व वाली दो कंपनियों पर लगभग 400 प्रवासी श्रमिकों ने वेतन का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। इनमें अधिकतर श्रमिक भारत और बांग्लादेश के हैं। मीडिया की खबरों में बुधवार को यह जानकारी दी गई।

सिंगापुर के श्रम मंत्रालय ने सोमवार को भारत और बांग्लादेश के 100 श्रमिकों की शुरुआती शिकायतों का संज्ञान लेते हुए केपीए इंजीनियरिंग और एसके इंडस्ट्रीज के खिलाफ जांच शुरू कर दी।

जांच शुरू होने के बाद और भी श्रमिक सामने आए हैं, जिन्होंने वेतन नहीं मिलने की शिकायत की है। प्रवासी श्रमिकों के हितों के लिए काम करने वाले कुछ गैर-सरकारी संगठनों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ की खबर के अनुसार, मंगलवार को भारत और बांग्लादेश के 100 प्रवासी श्रमिकों के एक अन्य समूह ने वेतन न मिलने और आवास संबंधी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

इससे एक दिन पहले, सिंगापुर में निष्पक्ष रोजगार और प्रवासी श्रमिकों के कल्याण के लिए काम करने वाले गैर-सरकारी संगठन ‘माइग्रेंट वर्कर्स सेंटर’ ने दोनों कंपनियों के 300 से अधिक प्रभावित श्रमिकों से मुलाकात की थी और उन्हें सहायता का आश्वासन दिया था।

केपीए इंजीनियरिंग और उससे संबद्ध कंपनी एसके इंडस्ट्रीज के निदेशकों से प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी