उप्र: मऊ में 11 वर्षीय छात्रा को पीटने के आरोप में प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

उप्र: मऊ में 11 वर्षीय छात्रा को पीटने के आरोप में प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 06:31 PM IST

मऊ, 22 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में 11 वर्षीय छात्रा की कथित रूप से पिटाई करने के लिए एक निजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सलाहाबाद निवासी राधिका देवी की तहरीर पर पुलिस ने हरपुर सलाहाबाद स्थित माता कमला देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुनील राय के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

छात्रा, छठी कक्षा में पढ़ती है।

शिकायत के अनुसार, 18 सितंबर को अंशिका कुमारी रोज की तरह स्कूल गई थी और पूर्वाह्न करीब 11 से 12 बजे के बीच परिजनों को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसके बाद उसके चाचा प्रमोद राम स्कूल पहुंचे और पाया कि अंशिका दर्द से चिल्ला रही थी और उसके मुंह से खून निकल रहा था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोट अधिक होने के कारण अंशिका बार-बार बेहोश हो रही थी और उसके साथ पढ़ने वाली छात्राओं ने बताया कि किसी बात को लेकर प्रबंधक सुनील राय ने उसे पीटा था।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रबंधक से बात करने पहुंचे परिजनों के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और उन्हें धमकी देकर भगा दिया गया। सरायलखंसी थाना प्रभारी राकेश कुमार राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं प्रबंधक ने आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि छात्रा पहले भी कई बार बेहोश हो चुकी है और उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र