पिकअप वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत

Ads

पिकअप वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 12:00 AM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 12:00 AM IST

बहराइच (उप्र), 29 मार्च (भाषा) बहराइच जिले के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम को पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार को हुजूरपुर क्षेत्र से पिकअप वाहन पर शादी का सामान लादकर रूपईडीहा की तरफ ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम नानपारा कोतवाली क्षेत्र के तहत आने वाले नानपारा-नेपाल मार्ग पर हाड़ा बसेहरी गांव के पास पिकअप वाहन का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकराते हुए सड़क किनारे पलट गया।

उन्होंने बताया कि पिकअप वाहन की चपेट में आयी मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार थे और वे तीनों पलटे हुए पिकअप वाहन के नीचे दब गये। उन्होंने बताया कि पुलिस तथा आसपास मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकाला और नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे मृतकों के एक रिश्तेदार ने संवाददाताओं को बताया कि तीनों युवक जूड़ा गांव निवासी मनीष कुमार (35), गंगाभागड़ गांव निवासी बरसाती (45) और नई बस्ती गांव निवासी शिवा (18) आपस में रिश्तेदार थे।

उन्होंने बताया कि वे सभी मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।

भाषा सं. सलीम गोला

गोला