Maharajganj Road Accident News
महराजगंज: Maharajganj Road Accident News : उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी युवक एक दोस्त का जन्मदिन मनाने जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि चारों लड़के सड़क पर करीब 10 मीटर दूर जा गिरे। इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब चारों युवक बाइक से जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने निकले थे। डंपर की सीधी भिड़ंत के बाद तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया।
सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।एक ही झटके में चार चिरागों के बुझ जाने से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए युवक के स्वस्थ होने की कामना भी की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा हुआ है।