बहराइच में रोडवेज बस की टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत, 11 यात्री घायल

बहराइच में रोडवेज बस की टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत, 11 यात्री घायल

बहराइच में रोडवेज बस की टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत, 11 यात्री घायल
Modified Date: July 5, 2026 / 11:00 am IST
Published Date: July 5, 2026 11:00 am IST

बहराइच (उप्र), पांच जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार तड़के गोंडा-बहराइच मार्ग पर उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस के सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई जबकि बस में सवार बच्चों और महिलाओं समेत 11 यात्री घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, वाराणसी कैंट डिपो की एक रोडवेज बस गोंडा से बहराइच आ रही थी। सुबह करीब पांच बजे बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिलवरिया के पास बस आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

हादसे में बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इनमें से छह लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ट्रैक्टर चालक की पहचान बहराइच के थाना रामगांव क्षेत्र के गढ़वा नौतला निवासी हरिओम सिंह (48) के रूप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

भाषा सं आनन्द रंजन

रंजन


लेखक के बारे में