युवक की हत्या के आरोप में उसके पिता समेत दो आरोपी गिरफ्तार
युवक की हत्या के आरोप में उसके पिता समेत दो आरोपी गिरफ्तार
मेरठ (उप्र), तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में खरखौदा क्षेत्र के चर्चित तुषार त्यागी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के पिता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद और हत्या की आशंका के चलते पिता ने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अभिजीत कुमार ने बुधवार को बताया कि एक जून की रात करीब 12 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खरखौदा थाना क्षेत्र के पांची अंडरपास के निकट तुषार त्यागी नामक युवक को गोली मार दी गई है और उसका शव वाहन में पड़ा है।
उन्होंने बताया कि इस सूचना पर पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे और मृतक की पत्नी शिखा की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि तुषार का पिता सुन्दर त्यागी घटना वाले दिन देहरादून से कंकरखेड़ा पहुंचा था और उसके बाद वह अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ कैली क्षेत्र गया।
कुमार ने बताया कि जांच में तुषार की कार और उसके पिता की गाड़ी को एक साथ जाते हुए देखा गया।
उन्होंने बताया कि संदेह होने पर पुलिस ने सुंदर से पूछताछ की तो पता चला कि घटना के समय वह तुषार की गाड़ी में मौजूद था और उसी ने उसे गोली मारी थी और शव तथा वाहन को पांची अंडरपास के निकट छोड़कर भाग गये थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुन्दर त्यागी को संदेह था कि उसका पुत्र उसकी हत्या कराने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दे चुका था, इसी के चलते उसने अपने बेटे की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुन्दर त्यागी और उसके सहयोगी अमित उर्फ वेदवान को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुन्दर त्यागी हापुड़ देहात थाने का पूर्व हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।
भाषा सं सलीम रंजन
रंजन

Facebook


