आगरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

Ads

आगरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

  •  
  • Publish Date - February 21, 2023 / 09:36 PM IST,
    Updated On - February 21, 2023 / 09:36 PM IST

आगरा, 21 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा में ग्वालियर राजमार्ग पर सोमवार की देर रात एक वाहन ने दो दोस्तों को टक्कर मार दी जिससे वे डिवाइडर से टकरा गये और उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान आकाश (25) और पवन (26) के तौर पर की गयी है। उन्होंने बताया कि घटना मलपुरा थाना क्षेत्र में हुई।

उन्होंने बताया कि आकाश और पवन एक विवाह भवन में लाइट डेकोरेशन एवं हलवाई का कार्य करके वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि घटना में दोनों गिर पड़े और डिवाइडर से जा टकराए, जिससे दोनों की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले के फतेहाबाद डौकी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मजदूरी करने के लिए गये अजय कुमार (18) की बिजली का करंट लगने से मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि युवक की मौत पर आक्रोशित लोगों ने आगरा-फतेहाबाद रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया, जो पुलिस अधिकारी के आश्वासन पर इसे खुलवाया जा सका ।

भाषा सं रंजन

रंजन