उत्तर प्रदेश में जीप की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत

Ads

उत्तर प्रदेश में जीप की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 10:57 AM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 10:57 AM IST

बांदा (उप्र), 14 जुलाई (भाषा) बांदा जिले की नरैनी क्षेत्र में एक जीप की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गयी तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अतर्रा क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव के नजदीक सोमवार की शाम एक तेज रफ्तार जीप ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को कुचल दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के छठी बम्होरी गांव निवासी शत्रुघ्न गुप्ता (45) और हल्कू त्रिवेदी (62) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामनारायण गुप्ता (65) का इलाज किया जा रहा है।

सीओ ने बताया कि तीनों लोग एक ही मोटरसाइकिल से चित्रकूट में कामदनाथ के दर्शन करने जा रहे थे।

सिंह ने बताया कि जीप चालक राज शेखर द्विवेदी को पकड़कर उसका वाहन जब्त कर लिया गया है और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम शोभना सुरभि

सुरभि