बरेली (उप्र), 12 फरवरी (भाषा) बरेली जिले के क्योलड़िया थानाक्षेत्र में पुलिस ने डेढ़ साल पहले एक नाबालिग किशोरी और 2017 में एक महिला की हत्या के आरोप में सलीम हुसैन और आसिम उर्फ अमित उर्फ डॉ. बंगाली नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में थे, जिन्हें बुधवार को पकड़ा गया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक को स्थानीय तौर पर “डॉक्टर बंगाली” के नाम से जाना जाता है।
उसने बताया कि इन पर पिछले साल 16 वर्षीय एक लड़की की कथित तौर पर हत्या करने और 2017 में एक महिला की हत्या करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी – सलीम हुसैन (22) और आसिम उर्फ अमित उर्फ “डॉक्टर बंगाली” (27) – को बुधवार को भौआ बाजार से आगे बौरिया कट के पास से गिरफ्तार किया गया, जब वे कथित तौर पर पश्चिम बंगाल भागने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया।
उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला क्योलाडिया थानाक्षेत्र में सतवन पट्टी गांव से 16 साल की एक लड़की के लापता होने से जुड़ा है। उसके पिता, अज़ीज़ अहमद ने आठ जनवरी, 2025 को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान, सितंबर 2025 में कैलाश नदी के पास गन्ने के एक खेत से बालों की एक चोटी, कपड़े और कंकाल मिले थे। पुलिस ने कहा कि बाद में डीएनए जांच से यह पुष्टि हुई कि ये अवशेष लापता लड़की के ही थे।
पुलिस के अनुसार मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच से उसी गांव के रहने वाले सलीम की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। पुलिस ने कहा कि उसने लड़की से कई बार बात की थी और घटना वाली रात उसकी ‘लोकेशन’ मौके पर मिल रही थी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान, सलीम ने कथित तौर पर लड़की को रात में गन्ने के खेत में बुलाकर उसका गला घोंटने और लाश को वहीं फेंकने की बात कबूल की।
पुलिस का कहना है कि उसने कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल फोन भी नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने कहा कि अदालत की इजाज़त मिलने के बाद सलीम का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की कार्रवाई शुरू की गई थी लेकिन नोटिस मिलने पर वह कथित तौर पर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक आगे की जांच से पता चला कि वह भौआ बाजार में आसिम उर्फ “डॉक्टर बंगाली” के एक क्लिनिक में काम कर रहा था तथा दोनों कोलकाता भागने से पहले पैसे का इंतज़ार कर रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार इसी से जुड़े एक और मामले में, आसिम ने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने 2017 में एक झगड़े के बाद अपनी पत्नी रजनी (26) की हत्या की साज़िश रची थी।
पुलिस ने आरोप लगाया कि उसने सलीम के साथ मिलकर कैलाश नदी के पास उसका गला घोंट दिया और लाश को दफ़ना दिया।
इस सिलसिले में भुता थाने में एक मामला भी दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कहा कि सलीम के खिलाफ लूट, हत्या की कोशिश और हथियार कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामले दर्ज हैं और अब वह दो हत्या के मामलों में नामज़द है। आसिम मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दमदम एयरपोर्ट के पास का रहने वाला है।
पुलिस ने कहा कि कानूनी कार्रवाई चल रही है ।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार