भदोही में दो तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब बरामद

Ads

भदोही में दो तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब बरामद

  •  
  • Publish Date - August 21, 2023 / 05:13 PM IST,
    Updated On - August 21, 2023 / 05:13 PM IST

भदोही (उप्र) 21 अगस्त (भाषा) भदोही जिले की ऊंज थाना पुलिस और स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिस (स्‍वाट) टीम ने सोमवार को साझा अभियान में दो अन्‍तर्राज्‍यीय शराब तस्‍करों को गिरफतार किया और उनके कब्‍जे से एक कंटेनर समेत एक करोड़ रुपये कीमत की अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस की एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भदोही की पुलिस अधीक्षक (एसपी) मीनाक्षी कात्यायन ने पत्रकारों को बताया कि अभियान दल ने आज तड़के ऊंज थाने के पास ओवर ब्रिज पर पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा एक कंटेनर पकड़ा और उसमें 810 पेटियों में रखी 7,220 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस बीच दो लोग कंटेनर से फरार हो गए और दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।

एसपी ने कहा कि पकड़े गए मैनपुरी के निवासी योगेंद्र सिंह यादव (31) और अश्विनी यादव (25) ने पूछताछ में बताया कि वे यह शराब बिहार में बेचने जा रहे थे।

कात्यायन ने बताया कि ये अंतरराज्यीय शराब तस्कर पंजाब में बनी ‘इम्पीरियल ब्‍लू’ नामक अवैध विदेशी शराब को ऊंची कीमत पर बेचने के लिए बिहार जा रहे थे।

उन्होंने बताया बरामद हुई अवैध शराब की कीमत एक करोड़ रूपये है। दोनों शराब तस्करों के पास से तीन मोबाइल, चार हजार रुपये, तीन फर्जी नंबर प्लेट और कंटेनर को जब्त कर लिया है।

उन्होंने बताया इस मामले में चारों शराब तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार दोनों तस्‍करों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

भाषा सं आनन्‍द जोहेब

जोहेब