सहारनपुर (उप्र), चार अप्रैल (भाषा) जिले में दारुल उलूम जकारिया मदरसा के 10 वर्षीय एक छात्र की पिटाई के आरोप में शनिवार को दो मदरसा शिक्षकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ जिसमें एक शिक्षक बच्चे के पैर पकड़े और दूसरा शिक्षक उसे डंडे से पीटता दिखता है। इस दौरान बच्चा शिक्षकों से दया की गुहार लगाता दिखा।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में घटना को लेकर रोष व्याप्त हो गया।
क्षेत्राधिकारी (गंगोह) अशोक सिसोदिया ने शनिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया और बच्चे की पिटाई करने वाले दोनों शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान जुनैद (28) और शोएब (30) के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि यह घटना गंगोह कस्बे के ‘दारुल उलूम जकारिया’ मदरसे में हुई और इस संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, खानपुर गुर्जर गांव निवासी कारी साजिद हसन नाम के एक व्यक्ति ने गंगोह थाने में घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। जिस छात्र को पीटा गया वह घटना के बाद मदरसे से भाग गया है।
पुलिस 1.49 मिनट के वीडियो की सही तारीख की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है जिसने वीडियो रिकॉर्ड किया।
भाषा सं जफर
पवनेश नेत्रपाल
नेत्रपाल