सहारनपुर, 12 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में चोरी के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज न किए जाने की शिकायत लेकर थाने पहुंचे सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) से कथित अभद्रता के मामले में थाना प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बढेडी घोघू स्थित एक मोबाइल टावर से 24 बैटरियां चोरी हो गई थीं। इस संबंध में 23 मार्च को सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने थाने में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
इसी मामले को लेकर सेवानिवृत्त डीएसपी सुरेशवीर सिंह गत शुक्रवार को थाने पहुंचे और थाना प्रभारी विनय शर्मा से रिपोर्ट दर्ज करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस पर थाना प्रभारी नाराज हो गए और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए सुरेशवीर सिंह को थाने से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद सुरेशवीर सिंह ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह को लिखित शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर उसी थाने में आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत