बलिया, 30 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक सरकारी कंपोजिट विद्यालय के शिक्षक को कक्षा पांच की छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, छात्रा की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक मनोज राय (50) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है, जब नाबालिग छात्रा सुखपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी की।
सुखपुरा थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है और उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत