उप्र: ट्रक से कोयले का एक बड़ा टुकड़ा व्यक्ति पर गिरा, मौत
उप्र: ट्रक से कोयले का एक बड़ा टुकड़ा व्यक्ति पर गिरा, मौत
सोनभद्र, 21 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शुक्रवार रात रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे ट्रक से कोयले का एक बड़ा टुकड़ा मोटरसाइिकल पर रहे व्यक्ति पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ट्रक पर कोयला लदा था और मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक ट्रक के पीछे थे।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक एनसीएल खड़िया से दुद्धीचुआ रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहा था।
थाना प्रभारी कमल नयन दुबे ने बताया कि मृतक की पहचान अमित कुमार (30) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि कोयले का टुकड़ा व्यक्ति पर गिरने से मोटरसाइकिल असंतुलित होकर पलट गई, जिससे अमित कुमार की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रेलवे क्रासिंग पर ही शव रखकर घंटों रेल मार्ग जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझा बुझाकर वहां से हटाया और जाम खुलवाया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना के संबंध में ग्राम प्रधान हीरालाल का आरोप है कि उक्त मार्ग पर हमेशा जरूरत से ज्यादा लदे ट्रकों का आवागमन रहता है और कोयले के छोटे-बड़े टुकड़े ट्रकों से गिरते रहते हैं, जिससे अक्सर दुघटनाएं होती रहती हैं।
भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


