उप्र: परीक्षा परिणाम में अनियमितताओं को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्रशासनिक भवन का घेराव

Ads

उप्र: परीक्षा परिणाम में अनियमितताओं को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन, प्रशासनिक भवन का घेराव

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 10:17 PM IST

लखनऊ, तीन अगस्त (भाषा) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम और आंतरिक मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को प्रदर्शन किया।

इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर नारेबाजी की। एबीवीपी की लखनऊ विश्वविद्यालय इकाई ने एक बयान में आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन में असंगत अंक दिए गए हैं।

संगठन ने कहा कि कई विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाया गया है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

एबीवीपी के अनुसार, आंदोलन के पहले चरण में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन का घेराव किया और प्रतिनिधिमंडल, अधिकारियों से वार्ता के लिए अंदर जाना चाहता था लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया।

इसके बाद कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

संगठन ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक भवन की सांकेतिक तालाबंदी भी की गई।

एबीवीपी ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है इसलिए उसे लोकतांत्रिक आंदोलन का सहारा लेना पड़ा।

एबीवीपी के बयान के अनुसार, इसके बाद कार्यकर्ता अर्थशास्त्र विभाग पहुंचे और विभागाध्यक्ष के कक्ष का घेराव किया।

विभागाध्यक्ष के कार्यालय से बाहर जाने के बाद भी कार्यकर्ता वहां डटे रहे हालांकि बाद में विभागाध्यक्ष के लौटने पर प्रतिनिधिमंडल से वार्ता हुई।

परिषद ने दावा किया कि विभागाध्यक्ष ने मूल्यांकन में हुई त्रुटियों को स्वीकार करते हुए संबंधित विद्यार्थियों के परिणामों में संशोधन कर उसी दिन शाम तक गलतियां दूर करने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन के बाद एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को संबोधित ज्ञापन कुलसचिव को सौंपा।

ज्ञापन में सभी मांगों का तत्काल समाधान करने की मांग की गई।

एबीवीपी के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा, ‘‘लखनऊ विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था में लगातार अनियमितताएं चिंताजनक हैं। विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक सभी त्रुटियों का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।’’

इकाई मंत्री आर्यन कुशवाहा ने कहा कि विभागाध्यक्ष ने शाम तक परिणामों में सुधार का आश्वासन दिया है और परिषद पूरे मामले पर नजर रखेगी।

एबीवीपी ने परीक्षा परिणाम और आंतरिक मूल्यांकन से जुड़ी सभी शिकायतों का तत्काल निपटारा किये जाने, प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र बनाने और भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।

परिषद ने चेतावनी दी कि अगर आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो वह बड़ा आंदोलन करेगी।

भाषा आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र