शाहजहांपुर में हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, घर पर चिपकाये गये नोटिस

Ads

शाहजहांपुर में हत्यारोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, घर पर चिपकाये गये नोटिस

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 10:11 PM IST

शाहजहांपुर (उप्र), तीन अगस्त (भाषा) शाहजहांपुर में प्राधिकारियों ने उस व्यक्ति के मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की, जिस पर 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। प्राधिकारियों का आरोप है कि संबंधित मकान का निर्माण अवैध तरीके से किया गया है। यह जानकारी सोमवार को अधिकारियों ने दी।

नगर पंचायत ने आरोपी के मकान को अवैध रूप से निर्मित कराये जाने का आरोप लगाते हुए घर पर नोटिस चस्पा किये हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कांट कस्बे में गत शुक्रवार रात में गौतम मौर्य (22) की समीर अली नाम के युवक ने धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या कर दी थी।

अधिकारियों ने बताया कि समीर अली कथित तौर पर इस बात से नाराज था कि मौर्य ने उसकी बहन के साथ अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी।

इस घटना के बाद शनिवार को थाने के सामने हजारों की भीड़ ने पलिया-जलालाबाद राजमार्ग पर रास्ता जाम कर दिया था और बाजार बंद कर दिये गये थे।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश मिश्रा ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कांट नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने हत्यारोपी समीर की मां सलमा (मकान मालकिन) तथा उनके मकान में रहने वाली अमीरन तथा नसीम जहां को नोटिस जारी किया है। मिश्रा ने बताया कि नोटिस में कहा है कि मकान का अवैध निर्माण किया गया है जो नगर पालिका अधिनियम 1916 के नियमों का उल्लंघन है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नोटिस में अवैध निर्माण हटाने के लिए 10 दिन की मोहलत देते हुए कहा गया है कि अगर वे निर्धारित अवधि में खुद अवैध निर्माण नहीं हटाते हैं तो उसे नगर पंचायत प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर हटवा दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने एक बयान में कहा कि कांट कस्बे में हुई हत्या का मामला दो धर्मों से जुड़ा होने के कारण कुछ लोग सोशल मीडिया पर अफवाहें फैला रहे हैं, जिनसे सख्ती से निपटा जाएगा।

उन्होंने बताया कि कस्बे में बड़े पैमाने पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं. सलीम अमित

अमित

अमित