उप्र: सहारनपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की पत्नी की गला रेतकर हत्या, लूट की आशंका

उप्र: सहारनपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की पत्नी की गला रेतकर हत्या, लूट की आशंका

उप्र: सहारनपुर में दिनदहाड़े व्यापारी की पत्नी की गला रेतकर हत्या, लूट की आशंका
Modified Date: June 1, 2026 / 10:14 pm IST
Published Date: June 1, 2026 10:14 pm IST

सहारनपुर, एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक व्यापारी की पत्नी की अज्ञात बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में हुई इस घटना के समय पूनम मित्तल (56) घर पर अकेली थीं जबकि उनके पति संजय मित्तल मेन बाजार स्थित अपनी दुकान पर थे।

पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस के अनुसार, व्यापारी 60 वर्षीय संजय मित्तल ने सोमवार शाम करीब चार बजे मोहल्ला झाबरी स्थित अपने घर पर पत्नी पूनम को फोन किया और कई बार फोन करने पर भी जवाब नहीं मिलने पर वह दुकान बंद कर घर पहुंचे, जहां उनकीर पत्नी का खून से लथपथ शव पड़ा था।

पुलिस ने बताया कि पूनम की गला रेतकर हत्या की गई थी और घर की अलमारी का सामान बिखरा हुआ था।

पुलिस को आशंका है कि लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों का पूनम ने विरोध किया होगा और पहचान उजागर होने के डर से बदमाशों ने उनकी निर्मम हत्या कर दी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर आक्रोश जताया।

उन्होंने घटना की निंदा करते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

नकुड़ थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) देवेश कुमार शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि व्यापारी संजय मित्तल और उनकी पत्नी पूनम अकेले रहते थे।

उन्होंने बताया कि मित्तल का बेटा मुज्जफरनगर में कारोबार करता है।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में