उप्र: बिना अनुमति डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगाने के आरोप में ग्राम प्रधान पर मुकदमा

Ads

उप्र: बिना अनुमति डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगाने के आरोप में ग्राम प्रधान पर मुकदमा

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 10:24 PM IST

शाहजहांपुर, 19 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सरकारी जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति अवैध रूप से लगाने के लिए एक ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जलालाबाद थाना क्षेत्र के राजापुर नगला में ग्राम प्रधान अवधेश यादव ने सामुदायिक भवन के पीछे खाली पड़ी सरकारी भूमि पर शनिवार रात चबूतरा बनाकर उस पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने मूर्ति देखी तो उन्होंने उसे वहां से हटा दिया।

दीक्षित ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान अवधेश यादव आंबेडकर की मूर्ति को स्थापित कर आगामी पंचायत चुनाव में राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पर जब मूर्ति के पास ही खड़े अवधेश यादव से पुलिस ने प्रतिमा लगाने के लिए अनुमति सम्बन्धी पत्र दिखाने को कहा तो वह कोई जवाब नहीं दे सके।

दीक्षित ने बताया कि इसके बाद प्रधान अवधेश यादव ने लोगों को पुलिस बल के खिलाफ भड़काया, जिससे वे लाठी-डंडे लेकर आ गए और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की।

पुलिस ने आरोपी ग्राम प्रधान अवधेश यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हालांकि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र